होली पर्व को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में मनाने के उद्देश्य से वार्ड के विभिन्न होलिका दहन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सिंह मॉन्टी ने किया। उनके मार्गदर्शन में वार्ड के कई स्थानों पर साफ-सफाई कराई गई और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चुना सहित अन्य सामग्री का छिड़काव किया गया।
इस दौरान वार्ड के प्रमुख होलिका दहन स्थलों पर सफाई कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्रों को साफ कराया गया। साथ ही संक्रमण और गंदगी से बचाव के लिए चुना का छिड़काव भी किया गया, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
मुकेश सिंह मॉन्टी ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार के अवसर पर साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वार्ड के प्रत्येक होलिका दहन स्थल को साफ रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने भी अभियान में सहयोग किया और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। मुकेश सिंह मॉन्टी ने वार्डवासियों से अपील की कि वे त्योहार के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखें और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने में सहयोग करें।